इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे मिस्र के राष्ट्रपति



नई दिल्ली(डेस्क) - 26 जनवरी, 2023 को होने वाले भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी मुख्य अतिथि होंगे। भारत ने उन्हें न्योता भेज दिया है, भारत का यह कदम मिस्र के साथ राजनीतिक और सैन्य संबंधों को मजबूती प्रदान करने में मददगार होगा।

बता दें कि इसी साल दोनों देशों ने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाई थी। वहीं भारत, मिस्र के साथ अपने राजनीतिक और सैन्य संबंधों को लगातार बढ़ा रहा है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली की ओर से 2023 के गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होने के लिए मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी को आमंत्रण पत्र भेजा गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस साल सितंबर में मिस्र का दौरा किया था। इस दौरान सैन्य क्षेत्र को लेकर दोनों देशों में चर्चा हुई थी। राजनाथ सिंह अपने दौरे के दौरान मिस्र के रक्षा मंत्री जनरल मोहम्मद जाकी से भी मिले थे।  दोनों के बीच सैन्य क्षेत्र में भागीदारी और साझेदारी को लेकर करार हुए थे।