दिल्ली की जामा मस्जिद में लड़कियों के प्रवेश पर पाबंदी हटी



नई दिल्ली (एजेंसी) - दिल्ली के जामा मस्जिद में लड़कियों के प्रवेश पर लगाई गई पाबंदी को एक दिन बाद ही हटा लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी से बात की और जामा मस्जिद में महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश को तत्काल रद्द करने की अपील की। इमाम बुखारी ने आदेश को रद्द करने पर सहमति जताई है।

बता दें कि दिल्ली की जामा मस्जिद के मुख्य द्वार पर लड़कियों के मस्जिद में प्रवेश पर प्रतिबंध को लेकर नोटिस चस्पा किए गए थे। इस फैसले पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी थी और महिला अधिकार संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने तीखी आलोचना की थी।

वहीं इसके बाद उपराज्यपाल ने जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी से बात की और लड़कियों का प्रवेश प्रतिबंधित करने वाले आदेश को वापस लेने का अनुरोध किया। उपराज्यपाल की अपील पर इमाम बुखारी ने सहमति जताई और आदेश वापस लेने का फैसला किया। साथ ही उन्होंने यहां आने वाले लोगों से मस्जिद की पवित्रता का सम्मान करने का अनुरोध किया है।