दिल्ली नगर निगम चुनाव कार्यक्रम घोषित, 4 दिसंबर को मतदान और 7 को नतीजे



नई दिल्ली -  दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसके मुताबिक एमसीडी चुनाव के लिए 04 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि इसके नतीजे 07 दिसंबर को घोषित किये जाएंगे।

दिल्ली राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय देव ने आज यहां एक प्रेस वार्ता में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमने तीनों नगर निगमों को एक करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेहद कम समय में परिसीमन और चुनाव प्रबंधन का काम पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद दिल्ली में अब 250 वार्ड होंगे। इनमें से 42 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगे। सभी सीटों में से आधी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसका अर्थ है कि सामान्य की 104 और अनुसूचित जाति की 21 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। वहीं इस बार करीब 55 हजार ईवीएम मशीनों का उपयोग किया जाएगा। करीब एक लाख कार्मचारी को नगर निगम चुनाव में नियुक्त किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आज से ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। रात्रि 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक लाउडस्पीकर से प्रचार पर रोक रहेगी। उम्मीदवार चुनाव प्रचार में केवल 8 लाख ही खर्च कर सकेंगे, पिछली बार यह सीमा 5.75 लाख थी।

बता दें कि दिल्ली नगर निगम में पिछले 15 साल से भाजपा काबिज है। यही वजह है कि इस बार भी पार्टी जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहती है। हालांकि, आम आदमी पार्टी इस बार भाजपा को कड़ी चुनौती  देती दिख रही है।