राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने मां कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना



गुवाहाटी (डेस्क) - असम के दो दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचीं राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने शुक्रवार सुबह शक्तिपीठ मां कामाख्या धाम के दर्शन किए और मंदिर की परिक्रमा करने के साथ ही विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।

इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ असम के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, असम के परिवहन मंत्री परिमल शुक्लबैद्य और असम के वन और पर्यावरण मंत्री चंद्र मोहन पटवारी भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों ने नीलाचल पर्वत पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे । बता दें कि इस साल की शुरुआत में मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान गुवाहाटी की अपनी यात्रा के दौरान कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।

राष्ट्रपति विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी और दिन में डिजिटल माध्यम से कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगी। वह आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श ‘आंगनवाड़ी’ केंद्रों और सार्वभौमिक घरेलू विद्युतीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने से जुड़ी ‘मिशन सौभाग्य’ योजना का शुभारंभ करेंगी।

राष्ट्रपति के रूप में अपनी पहली असम यात्रा के तहत मुर्मू बृहस्पतिवार को गुवाहाटी पहुंची हैं।