हिमाचल प्रदेश के ऊना से नई दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री ने दिखाई हरी झंडी



शिमला - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अंब अंदौरा, ऊना से नई दिल्ली के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है। प्रधानमंत्री ने वंदे भारत एक्सप्रेस के ट्रेन के डिब्बों का निरीक्षण किया और अंदर दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा भी लिया। श्री मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस के लोकोमोटिव इंजन के कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण करने के साथ ही ऊना रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया।

इस ट्रेन के शुरू होने से इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रा का एक आरामदायक और तेज साधन मुहैया कराने में मदद मिलेगी। ऊना से नई दिल्ली के लिए यात्रा का समय इससे दो घंटे कम हो जाएगा। अंब अंदौरा से नई दिल्ली के लिए चलने वाली, देश में शुरू की गई ये चौथी वंदे भारत ट्रेन है और पिछली ट्रेनों की तुलना में ये एक उन्नत संस्करण है, जो हल्का है और कम समय में तेज गति तक पहुंचने में सक्षम है। वंदे भारत 2.0 ज्यादा उन्नत चीजों और बेहतर सुविधाओं से लैस है।

इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी मौजूद थे।