रिलायंस फॉउण्डेशन अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई



मुम्बई(डेस्क) - मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी भरा फोन अस्पताल के लैंडलाइन नंबर पर आया, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

पुलिस के अनुसार बुधवार को दोपहर 12.57 बजे रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के फोन नंबर पर धमकी भरी काल आई है। धमकी देने वाले ने अज्ञात फोन नंबर से यह धमकी दी है। इस धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस बार धमकी महाराष्ट्र के बाहर से आई है।

इससे पहले भी रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में इसी तरह की धमकी का काल आया था। उस समय पुलिस ने मुंबई से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। बाद में पता चला था कि गिरफ्तार किया गया आरोपित मानसिक रूप से बीमार था। धमकी के बाद रिलायंस अस्पताल और मुकेश अंबानी के बंगले के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बारे में मुंबई पुलिस बेहद गोपनीयता बरत रही है और अभी तक किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है।