मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ी, आइसीयू में किया गया शिफ्ट



लखनऊ/गुरुग्राम (डेस्क) - समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह खराब सेहत के चलते 22 अगस्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उन्हें कमरे से अब आईसीयू में शिफ्ट किया है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तत्काल पत्नी डिंपल यादव, बेटे अर्जुन सहित परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उधर, इटावा से मुलायम सिंह के भाई अभय राम व परिवार के अन्य सदस्य भी दिल्ली चले गए हैं। दूसरे बेटे प्रतीक यादव और छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर मुलायम सिंह के स्वास्थ्य की कामना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेदांता अस्पताल में भर्ती मुलायम सिंह 22 अगस्त से मेदांता में भर्ती और कैंसर रोग विशेषज्ञ डा. नितिन सूद की देख रेख में इलाज चल रहा है। रविवार को तबीयत अधिक खराब होने के बाद डाक्टरों ने उन्हें आइसीयू में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया जहां कई तरह की जांच कर लगातार उनके सेहत को मॉनिटर किया जा रहा है।