पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की गांधीनगर और मुंबई के बीच चलने वाली देश की तीसरी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’



अहमदाबाद(डेस्क) - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गांधीनगर स्टेशन से देश की तीसरी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल के बीच दौड़ेगी। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे राज्यमंत्री दर्शना जरदोष भी उपस्थित रहे।  

 यह देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है। इससे पहले नई दिल्ली-वाराणसी और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच यह ट्रेन चलाई जा रही हैं। ICF ने अगस्त 2023 तक 75 वंदे भारत ट्रेनों के निर्माण का लक्ष्य रखा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस कई बेहतर सुविधाएं प्रदान करती है जो यात्रियों को शानदार यात्रा के अनुभव और उन्नत अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाएं प्रदान करेगी, जिनमें एक स्वदेशी रूप से विकसित ट्रेन टक्कर बचाव प्रणाली भी मौजूद है।गुजरात में चलने वाली इस वंदे भारत ट्रेन में पहली बार KAVACH (Train Collision Avoidance System) तकनीक को लॉन्च किया जा रहा है। इस तकनीक की मदद से दो ट्रेनों की आमने-सामने से होने वाली टक्कर जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। इस तकनीक को देश में ही विकसित किया गया है जिसके कारण इसकी लागत काफी कम है।