ब्रिटेन की महारानी के अंतिम संस्कार में होंगी शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु



नई दिल्ली (डेस्क) - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। विदेश मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई है। महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की आयु में 8 सितंबर को स्कॉटलैंड में उनके बाल्मोरल कैसल ग्रीष्मकालीन निवास पर निधन हो गया था।  राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया था। भारत में रविवार को राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया गया था।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में सैकड़ों राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है। ब्रिटेन में इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इनके अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी लंदन आएंगे।