बाइचुंग भूटिया को हरा कल्याण चौबे बने AIFF के नए अध्यक्ष



नयी दिल्ली (डेस्क) - भारतीय फुटबॉल के इतिहास में पहली बार किसी पूर्व खिलाड़ी को अध्यक्ष चुना गया है। कल्याण चौबे ने बाइचुंग भूटिया को हराकर यह उपलब्धि हासिल की है।

मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के पूर्व गोलकीपर 45 वर्षीय चौबे ने 33-1 से जीत दर्ज की। उनकी जीत पहले ही तय लग रही थी क्योंकि पूर्व कप्तान भूटिया को राज्य संघों के प्रतिनिधियों के 34 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में बहुत अधिक समर्थन हासिल नहीं था। चौबे ने देश के दिग्गज क्लब मोहन बागान और ईस्ट बंगाल दोनों का प्रतिनिधित्व किया है। वह भारत के लिए आयु वर्ग में अलग-अलग टीमों में तो खेले हैं। भूटिया और चौबे एक समय ईस्ट बंगाल में साथी खिलाड़ी रह चुके हैं।

वहीं कर्नाटक फुटबॉल संघ के अध्यक्ष और कांग्रेस के विधायक एनए हारिस ने उपाध्यक्ष के एकमात्र पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने राजस्थान फुटबॉल संघ के मानवेंद्र सिंह को हराया। अरुणाचल प्रदेश के किपा अजय ने आंध्र प्रदेश के गोपालकृष्णा कोसाराजू को हराकर कोषाध्यक्ष पद हासिल किया।