10 सितंबर को अहमदाबाद में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रियों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे मोदी



नई दिल्ली (डेस्क) - प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी 10 सितंबर को साइंस सिटी, अहमदाबाद में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) के विज्ञान और प्रौद्योगिकी (एस एंड टी) मंत्रियों के 2-दिवसीय विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

एक उच्च स्तरीय आधिकारिक बैठक के बाद आज यहां नई दिल्ली में इसकी घोषणा करते हुए केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री एवं पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार),प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस बार सम्मेलन को एक अलग प्रारूप दिया जा रहा है जिसमें विभिन्न राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों में से प्रत्येक के लिए “जीवन में सुगमता (ईज ऑफ़ लिविंग)“ के लिए प्रासंगिक नई तकनीकों और उनके इष्टतम अनुप्रयोग पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बैठक देश भर में अधिक तालमेल के माध्यम से विज्ञान प्रौद्योगिकी और नवाचार (एसटीआई) पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करते हुए केंद्र और राज्यों के बीच अंतराल  (सिलोस) को तोड़ने में भी मदद करेगी।

सिंह ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि सभी 28 राज्यों के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री, आठ केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासक तथा 100 से अधिक स्टार्टअप एवं उद्योगों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दो दिवसीय विज्ञान सम्मेलन में भाग ले सकते हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि दो दिवसीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी सम्मेलन में एक नया ही आयाम होगा क्योंकि कई कार्रवाई-उन्मुख निर्णय लिए जाएंगे और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को राष्ट्रीय विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार (एसटीआई) नीतियों के अनुक्रम में   उनकी व्यक्तिगत एसटीआई नीति बनाने के लिए कहा जाएगा। मंत्री महोदय ने कहा कि केंद्र  सहकारी संघवाद की सच्ची भावना के अनुरूप राज्यों को उनकी राज्य एसटीआई नीतियां तैयार करने में सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्यों की विशिष्ट एसटीआई आवश्यकताओं , चुनौतियों और अंतराल के क्षेत्रों को दूर करने और उनके लिए समाधान विकसित करने हेतु राज्यों के साथ संयुक्त रूप से काम करेगा।