भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पहली बार लखनऊ पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी का भव्य स्वागत



लखनऊ - भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह का सोमवार को लखनऊ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया। चारबाग रेलवे स्टेशन पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केन्द्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, संजीव बालियान, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, पार्टी पदाधिकारियों व हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों व गगन भेदी नारों के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष  भूपेन्द्र सिंह सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर लगभग 1 बजे राजधानी लखनऊ पहुंचे थे । नई दिल्ली से चलकर लखनऊ तक पहुंचने में रास्ते में पड़ने वाले गाजियाबाद, अलीगढ़, टूण्डला, इटावा, कानपुर, स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने चारबाग से हजरतगंज तक विभिन्न महापुरूषों की प्रतिमाओं पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सायं लगभग 4 बजे नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पार्टी मुख्यालय पहुंचे।