- जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- बीमारियों से बचने के लिए हाथों की स्वच्छता को बताया जरूरी
कानपुर । विश्व हाथ स्वच्छता दिवस पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों, स्वास्थ्य इकाइयों, महिला आरोग्य समितियों और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हाथों की स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। स्वास्थ्य विभाग के साथ ही शिक्षा व बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया व केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों, स्कूली बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। इस दिवस को जनपद में एक उत्सव के रूप में मनाया गया। इस मौके पर ओआरएस और जिंक के महत्व के बारे में बताने के साथ ही ओआरएस के पैकेट का वितरण भी किया गया।
इसी क्रम में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साजारी में आयोजित बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव द्वारा उपस्थित स्टाफ और लोगों को सही तरीके से हाथ धोने के छह चरणों के बारे में SUMAN K के माध्यम से विस्तार से बताया गया और अभ्यास भी कराया गया। यह छह चरण हैं – S (एस) -साबुन-पानी से झाग बनाने के बाद पहले सीधी हथेलियों को बारी-बारी से घिसें, U(यू) - उल्टी तरफ हाथों को बारी-बारी से घिसें, M (एम)- मुट्ठी बंदकर हाथों को अच्छी तरह घिसें, A (ए)- अंगूठों को अच्छी तरह से रगड़ें, N (एन) - नाखूनों को अच्छी तरह से साफ़ करें, K (के)- कलाइयों को भी ठीक से रगड़ें। इस तरह इन छह चरणों को अपनाकर संक्रामक बीमारियों को मात दिया जा सकता है। इसकी आदत बचपन से ही विकसित की जाए तो आगे चलकर भी यह सदा के लिए बनी रहती है।
उधर कंपोजिट विद्यालय बेनाझाबर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सारिका ने कहा कि संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और कारगर तरीका हाथों को साबुन-पानी से कम से कम 20 सेकंड तक सही तरीके से धोना है। दिनभर में हम हाथों से कई तरह के जरूरी काम करते हैं और उस दौरान कई लोगों, सतहों और वस्तुओं के सीधे सम्पर्क में आते हैं। इससे गंदगी, रोगाणु, कीटाणु और बैक्टीरिया की गिरफ्त में आने की पूरी सम्भावना होती है। इसलिए साबुन-पानी से हाथों को सही तरीके से धोना बहुत जरूरी होता है। बच्चों की देखभाल से पहले, मरीजों की सेवा से पहले और बाद में, खाना बनाने या खाने से पहले, शौचालय का उपयोग करने के बाद, खांसने, छींकने या नाक साफ़ करने के बाद, कचरा उठाने या किसी गन्दी सतह को छूने के बाद, जानवरों या पालतू जानवरों को छूने के बाद हाथों को साबुन-पानी से कम से कम 20 सेकंड तक सही तरीके से अवश्य धोएं।
इस अवसर पर पीएसआई इंडिया से राम कुमार तिवारी, अन्नू अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।