लाल किले पर शान से लहराया तिरंगा, देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस



नई दिल्ली (डेस्क) - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोमवार को लाल किले पर तिरंगा फहराया। लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अमृतकाल में पांच प्रतिज्ञा पर शक्ति, संकल्प और सामर्थ्य को केंद्रित करना होगा। उन्होंने नारी शक्ति व नारी सम्मान पर भी जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ जय अनुसंधान का मंत्र भी दिया। 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहा कि मौजूदा वक्‍त में भ्रष्टाचार और परिवारवाद दो ऐसी प्रमुख चुनौतियां हैं जिनका दायरा राजनीति तक ही सीमित नहीं हैं। उन्होंने देशवासियों से इन विकृतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस पर ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ने वाले तात्या टोपे, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खान आदि स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के साथ रानी लक्ष्मी बाई और बेगम हजरत महल सहित भारत की महिला सेनानियों का भी श्रद्धा के साथ स्मरण किया। प्रधानमंत्री ने इस कड़ी में राजेंद्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य राष्ट्र निर्माताओं को भी श्रद्धांजलि दी।