दिग्गज गायक भूपिंदर सिंह का 82 साल की उम्र में निधन



नई दिल्ली /मुंबई (डेस्क) - दिग्गज पार्श्व गायक भूपिंदर सिंह का का सोमवार शाम निधन हो गया है। भूपिंदर सिंह ने भारी बास आवाज में बॉलीवुड के कई गाने गाए हैं। गायक के निधन की खबर उनकी पत्नी और पेशे से गायक मिताली सिंह ने दी।

भूपिंदर सिंह को उनकी भारी आवाज के लिए जाना जाता है। उन्होंने बॉलीवुड के कई गानों को अपनी आवाज दी। सोमवार शाम गायक के निधन के बारे में जानकारी देते हुए उनकी पत्नी मिताली ने कहा कि "वह कुछ समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।"

अपने करियर की शुरुआत में भूपिन्दर ने ऑल इंडिया रेडियो, दिल्ली से शुरुआत की। वह दिल्ली दूरदर्शन सेंटर से भी जुड़े थे। उन्होंने गिटार और वायॉलिन भी बजाना सीखा। साल 1962 में एक फंक्शन में म्यूजिक डायरेक्टर मदन मोहन ने उन्हें सुना और उन्हें मुंबई बुला लिया। उन्होंने उन्हें चेतन आनंद की फिल्म ‘हकीकत’ में मोहम्मद रफी, तलत महमूद और मन्ना डे के साथ ‘होके मजबूर मुझे उसने बुलाया होगा’ गाने का मौका दिया। उन्होंने खैय्याम की फिल्म ‘आखिरी खाट’ में सोलो गाया और प्लेबैक सिंगिग की दुनिया में फेमस नाम बन गए। ‘मौसम’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘आहिस्ता आहिस्ता’, ‘हकीकत’ जैसी फिल्मों के जाने जाते हैं भूपिन्दर सिंह।कई म्यूजिक ऐल्बम में उन्होंने वाइफ मिताली के साथ आवाज दी है।