जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का निधन, आबे के सम्मान में 9 जुलाई को भारत में राष्ट्रीय शोक घोषणा



नई दिल्ली (डेस्क) - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए नौ जुलाई को एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आज पूरा भारत जापान के साथ शोक में है और हम इस कठिन घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं।

बता दें जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का शुक्रवार को निधन हो गया। आबे पर आज सुबह ही हमला हुआ था। यह हमला उस वक्त हुआ जब नारा शहर में शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। हमलावर ने पीछे से उन पर दो गोलियां दागीं, जिसके बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े और उनके शरीर से खून बहता दिखाई दिया।

भारत में कल रहेगा राष्ट्रीय शोक : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा।