चार जुलाई को होगी राज्यों की स्टार्ट-अप रैंकिंग 2021 की घोषणा



  • 13 भाषाओं में 7200 लाभार्थियों से स्टार्ट-अप इको-सिस्टम पर फीडबैक लिया गया

नई दिल्ली(डेस्क) - वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री श्री पीयूष गोयल नई दिल्ली में चार जुलाई, 2022 को आयोजित होने वाले एक स्वागत समारोह में स्टार्ट-अप इको-सिस्टम के समर्थन पर राज्यों की रैंकिंग की तीसरी प्रक्रिया का परिणाम घोषित करेंगे।

इस वर्ष 24 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया है। पूरे विश्व में भारत स्टार्ट-अप राष्ट्र के रूप में अग्रणी है, इसलिये जरूरी हो गया है कि देश के दूसरी और तीसरी श्रेणी वाले शहरों में उद्यमशीलता को बढ़ाया जाये। वर्ष 2016 में केवल चार राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास स्टार्ट-अप नीति थी। आज 30 से अधिक राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास स्टार्ट-अप नीतियां हैं। इनमें से 27 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों ने अपने खुद के स्टार्ट-अप पोर्टल भी शुरू कर दिये हैं।

स्टार्ट-अप रैंकिंग प्रक्रिया परिणाम 2021 की घोषणा के साथ मेंटरशिप, एडवाइजरी, असिस्टेंस, रेज़ीलियंस एंड ग्रोथ (एमएएआरजी-मार्ग) पोर्टल की शुरुआत नई दिल्ली के अशोक होटल में चार जुलाई, 2022 को 11:30 बजे प्रातः की जायेगी।