परिवार नियोजन के लिए अंतरा इंजेक्शन बना पहली पसंद



उन्नाव - दो बच्चों के जन्म में अंतर रखने और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आईयूसीडी(कॉपर-टी), गर्भनिरोधक गोली सहित त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा महिलाओं के लिए बेहतर अस्थायी साधन है, स्थायी साधन में महिला नसबंदी है लेकिन महिलायें स्थायी साधनों की अपेक्षा  अस्थायी साधनों विशेषकर प्रसव पश्चात आईयूसीडी और अंतरा इंजेक्शन को अपनाने में ज्यादा  रुचि ले रही हैं  | यह हेल्थ मैनेजमेंट इनफॉर्मेशन सिस्टम के आंकड़ों में स्पष्ट होता है |

साल 2019-20 में 4846 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन लगवाया वहीं 2021-22 में लगभग डेढ़  गुना से ज्यादा 7450 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन को अपनाया है | आंकड़ों के मुताबिक वहीं साल 2019-20 में 3473 महिलाओं ने प्रसव पश्चात आईयूसीडी को अपनाया  जबकि 2021-22 में 15781 महिलाओं ने प्रसव पश्चात आईयूसीडी को अपनाया |

परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. विवेक गुप्ता ने बताया कि एक परिवार की खुशहाली और महिला का स्वस्थ होना बहुत हद तक छोटे परिवार पर निर्भर करता है | यह कहा ही जाता है कि “छोटा परिवार-सुखी परिवार” | दो बच्चों के जन्म  में तीन साल का अंतर रखने के लिए अंतरा एक बेहतर साधन है | हर तीन माह पर अंतरा इंजेक्शन लगवाना होता है | इसे नव विवाहिता, प्रसव के बाद स्तनपान कराने वाली महिला, प्रसव होने के छह सप्ताह बाद महिला और ऐसी महिला जो दो बच्चों के बीच में अंतर रखना चाहती है वह यह इंजेक्शन लगवा सकती है, अंतरा का पहला इंजेक्शन लगवाने से पहले डाक्टर से जांच करवानी जरूरी होती है | इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि इंजेक्शन लगे स्थान पर मालिश और सिकाई न करें |

अंतरा इंजेक्शन लगने के बाद माहवारी में बदलाव आ सकता है | जैसे माहवारी में कम या ज्यादा रक्तस्राव या माहवारी का न आना लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है यह अपने आप ही सही हो जाता है |

नोडल अधिकारी ने बताया कि अंतरा इंजेक्शन की दूसरी डोज निश्चित समय पर जरूर लगवानी चाहिए क्योंकि 1-2 दिन अधिक होने पर गर्भधारण का खतरा बढ़ जाता है | नसबंदी सहित अन्य अस्थायी साधनों की अपेक्षा महिलाओं द्वारा अंतरा इंजेक्शन को तरजीह  और आईयूसीडी लगवाने का कारण यह भी है कि गर्भनिरोधक गोली खाने से महिला को चक्कर आना और वजन बढ़ने की संभावना रहती है | नसबंदी के बाद महिला को सात दिन तक पूर्ण आराम  करना होता है लेकिन महिला के द्वारा यह संभव नहीं हो पाता है |