विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विशेष : स्वस्थ लोगों से ही समृद्ध राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है - डॉ सूर्यकांत



लखनऊ - बेहतर स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और चिकित्सकों के योगदान को चिन्हित करने के लिए हर साल सात अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम है- “हमारा प्लेनेट, हमारा स्वास्थ्य“, जिसका लक्ष्य है हमारे ग्रह पृथ्वी पर रहने वाले सभी मनुष्यों के अच्छे स्वास्थ्य की ओर सम्पूर्ण विश्व का ध्यान आकर्षित करना। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार प्रति वर्ष दुनिया भर में लगभग 1.3 करोड़ लोगों की मौतें पर्यावरणीय कारणों से हो जाती हैं। इनसे पूरी तरह से बचा जा सकता है। इसके लिए ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु संकट, वायु प्रदूषण मुख्य रूप से कारक हैं, जो मानव जाति के लिए एक बहुत बड़ा स्वास्थ्य से जुड़ा खतरा है।

आईएमए-एएमएस (आई.एम.ए.-एकेडमी ऑफ मेडिकल स्पेशलिटीज) के राष्ट्रीय वॉयस चेयरमैन डा. सूर्यकान्त ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में स्वस्थ्य मस्तिष्क का निवास होता है।“ किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए वहाँ के लोगों का जीवन स्वस्थ एवं खुशहाल होना आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ लोगों से ही समृद्ध राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है। केजीएमयू, लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सूर्यकान्त के अनुसार-हमारे ग्रह पृथ्वी पर हमें अच्छे स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ हवा, पानी और भोजन की आवश्यकता होती है। आंकड़ों के अनुसार 90 प्रतिशत से अधिक लोग दूषित हवा में सांस लेते हैं। वायु प्रदूषण से विश्व भर में प्रति वर्ष 80 लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है, जिसका अर्थ है कि हर मिनट में लगभग 13 लोगों की मौतें हो जाती हैं। लगभग दो अरब लोग (एक तिहाई जनसंख्या) खाना बनाने के लिए बायोमास ईंधन (जैसे लकड़ी, कोयला, गोबर से बने कन्डे, उपले आदि) का उपयोग कर रहे हैं। 200 करोड़ लोगों के पास हमारे ग्रह पर सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता नहीं हो पाती है, जो कि हमारी वैश्विक आबादी का एक तिहाई है। विश्व की आधी आबादी (3.6 अरब) के पास सुरक्षित शौचालय नहीं हैं। प्रदूषित पानी एवं अस्वच्छता के कारण हर साल लगभग आठ लाख लोग डायरिया जैसी बीमारियों की वजह से मर जाते हैं। विश्व में तंबाकू से प्रति वर्ष लगभग 80 लाख लोगों की मौतें होती है। वहीं दूसरी ओर हर साल लगभग 60 करोड़ पेड़ों को काटा जाता है छह लाख करोड़ सिगरेट बनाने के लिए। अस्वास्थ्यकर जीवनशैली, व्यायाम और योग की कमी और फास्ट फूड का सेवन भी खराब स्वास्थ्य के लिए जिम्मेदार है।

पृथ्वी ग्रह और हमारे अच्छे स्वास्थ्य के लिए निवारक और प्रोत्साहक उपाय इस प्रकार हैं- अधिकाधिक वृक्षारोपण, धूम्रपान/तंबाकू/नशीले पदार्थो के सेवन की लत से दूर रहना, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना एवं परिवहन के लिए पर्यावरण के अनुकूल ईंधन का उपयोग करना, पैदल चलना और साइकिल चलाना, भोजन बनाने के लिए स्वच्छ ईंधन का उपयोग करना, प्लास्टिक का उपयोग न करना, स्वस्थ जीवन शैली, पारंपरिक भोजन, योग और व्यायाम ।