योगी-2.0 सरकार में दो उप मुख्यमंत्री समेत 52 मंत्रियों को मिली जगह



-18 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्यमंत्रियों ने ली शपथ

लखनऊ -  उत्तर प्रदेश की नवगठित योगी आदित्यनाथ सरकार में दो उप मुख्यमंत्री समेत 52 मंत्रियों को स्थान मिला है। केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत 18 कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। मौर्य और पाठक को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। दयाशंकर सिंह, पूर्व आईपीएस असीम अरुण और नितिन अग्रवाल जैसे 14 चेहरों को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। वहीं 20 राज्यमंत्री भी शामिल किये गये हैं। इस प्रकार मुख्यमंत्री और 52 मंत्रियों को मिलाकर मंत्रिपरिषद का आकार 53 सदस्यों का है।

योगी मंत्रिपरिषद में केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। सूर्य प्रताप शाही, सुरेश कुमार खन्ना, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। बेबी रानी मौर्य को उप मुख्यमंत्री बनने के कयास लगाए जा रहे थे। मथुरा से लक्ष्मी नारायण चौधरी एक बार फिर मंत्री बनने में सफल रहे हैं। योगी-1 सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार में मंत्री पद से हटाए गए धर्मपाल सिंह इस सरकार में मंत्री बनाए गए हैं। जयवीर सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद, राकेश सचान भी मंत्री बने हैं। एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा, योगेंद्र उपाध्याय के साथ ही सहयोगी पार्टी अपना दल एस से आशीष पटेल और निषाद पार्टी से संजय निषाद मंत्री बनाए गए हैं।

योगी-2 सरकार में 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए हैं। इसमें सपा छोड़कर भाजपा में आए नरेश अग्रवाल के पुत्र नितिन अग्रवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए हैं। कपिल देव अग्रवाल और रविंद्र जायसवाल को दोबारा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह का प्रमोशन कर स्वतंत्र प्रभार का राज्यमंत्री बनाया गया है। गुलाब देवी, गिरीश चंद्र यादव, धर्मवीर प्रजापति एक बार फिर जगह बनाने में सफल रहे हैं। आईपीएस की नौकरी से इस्तीफा देकर कन्नौज से चुनाव लड़कर विधायक बने असीम अरुण भी स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री बनाए गए हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर को संगठन में लंबे समय से कार्य करने का तोहफा दिया गया है। उन्हें राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। पारिवारिक विवादों से घिरे रहे दयाशंकर सिंह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बने हैं। नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह, अरुण कुमार सक्सेना और दयाशंकर मिश्र दयालु को भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया।

इसके अलावा मयंक ईश्वर सिंह, दिनेश खटीक, संजीव गोंड, बलदेव सिंह ओलख, अजीत पाल, जसवंत सैनी, रामकेश निषाद, मनोहर लाल मन्नू कोरी, संजय गंगवार, बृजेश सिंह, केपी मलिक, सुरेश राही, सोमेंद्र तोमर, अनूप प्रधान वाल्मीकि, प्रतिभा शुक्ला, राकेश राठौर गुरु, रजनी तिवारी, सतीश शर्मा, दानिश आजाद अंसारी और विजय लक्ष्मी गौतम को राज्यमंत्री बनाया गया है। इन सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

नए मंत्रियों की सूची :
कैबिनेट मंत्री- केशव प्रसाद मौर्य (उप मुख्यमंत्री) , ब्रजेश पाठक (उप मुख्यमंत्री), सूर्य प्रताप शाही, सुरेश कुमार खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, बेबी रानी मौर्य, लक्ष्मी नारायण चौधरी, जयवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद, राकेश सचान, अरविंद कुमार शर्मा, योगेंद्र उपाध्याय, आशीष पटेल, संजय निषाद।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)- नितिन अग्रवाल, कपिलदेव अग्रवाल, रवीन्द्र जायसवाल, संदीप सिंह, गुलाब देवी, गिरीश चंद्र यादव, धर्मवीर प्रजापति, असीम अरुण, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह, अरुण कुमार सक्सेना, दयाशंकर मिश्र दयालु।

राज्यमंत्री- मयंकेश्वर सिंह, दिनेश खटिक, संजीव गौड़, बलदेव सिंह ओलख, अजीत पाल, जसवंत सैनी, रामकेश निषाद, मनोहर लाल मन्नू कोरी, संजय गंगवार, बृजेश सिंह, केपी मलिक, सुरेश राही, सोमेंद्र तोमर, अनूप प्रधान, प्रतिभा शुक्ला, राकेश राठौर, रजनी तिवारी, सतीश शर्मा, दानिश आजाद अंसारी और विजय लक्ष्मी गौतम।