उत्तर प्रदेश में इस बार का चुनाव विकास और शांति के स्थायित्व के लिए : प्रधानमंत्री



नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्चुअल प्रचार अभियान के तहत कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक कई चुनाव हुए हैं लेकिन इस बार के चुनाव अलग हैं। यह चुनाव विकास और शांति के स्थायित्व के लिए हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान के तहत जन चौपाल को वर्चुअली संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, हापुड़ और नोएडा के लोगों को वर्चुअली संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यूपी ने अनेक चुनाव देखे हैं, अनेक सरकारें बनती-बिगड़ती देखी हैं। लेकिन ये चुनाव सबसे अलग है। ये चुनाव यूपी में शांति के स्थायित्व के लिए है, विकास की निरंतरता के लिए है। प्रशासन में सुशासन के लिए है। उत्तर प्रदेश के लोगों के तेज विकास के लिए है। ये चुनाव सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि की पहचान को बनाए रखने के लिए है। ये चुनाव हिस्ट्री शीटर्स को बाहर रखने के लिए है। नई हिस्ट्री बनाने के लिए है।

उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को डबल इंजन की सरकार से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद गरीब के घर बनाने की गति कई गुना बढ़ी है। संपर्क और ढांचागत निर्माण की गति भी दोगुनी हुई है। एक-दो शहरों से अब उत्तर प्रदेश के 10 शहरों में मेट्रो पहुंच गई है।