स्वस्थ जीवन शैली अपनायें-कैंसर से बचें : डॉ. सचान



  • विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) पर विशेष
  • महिलाओं में स्तन व सर्वाइकल कैंसर प्रमुख
  • कैंसर का जल्दी पता चल जाए तो इलाज संभव

लखनऊ - कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समुदाय में जागरूकता लाने के लिए हर साल चार  फरवरी को  विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है| इस साल इस दिवस की थीम है- “क्लोज द केयर गैप”  अर्थात “देखभाल के अंतर को खत्म करें |”  

कैंसर में मुख्य रूप से कोशिकाएं अनियमित रूप से बढ़ने लगती हैं | यह कई बीमारियों का समूह है और शरीर के किसी भी हिस्से या अंग में उपस्थित कोशिकाओं को प्रभावित कर सकता है |
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रो. रेखा सचान का कहना है - बदली हुई जीवन शैली, शारीरिक गतिविधि में कमी,  एक्टिव व पैसिव धूम्रपान रसायन  आदि कैंसर के मुख्य कारण हैं |  कैंसर किसी भी आयु वर्ग में हो सकता है | महिलाओं में सर्वाइकल, ब्रेस्ट, ओवेरियन, कोलोन, गर्भाशय (एंडोमेट्रियल) कैंसर मुख्यतः देखने को मिलते हैं |  

डा. सचान के मुताबिक - महिलाओं में स्तन कैंसर सर्वाधिक देखा जाता  है, जितनी जल्दी कैंसर का पता चल जाता है उसी के मुताबिक  शत-प्रतिशत सफल इलाज होने की संभावना बढ़ जाती  है | देश में प्रति एक लाख महिलओं  में 26 से 30 महिलायें  स्तन कैंसर से ग्रसित हैं | स्तन में गांठ पड़ना, स्तन में दर्द एवं खुजली होना, स्तन की त्वचा में गड्ढे पड़ना, त्वचा पर नारंगी रंग के चकत्ते पड़ना आदि स्तन कैंसर के प्रमुख लक्षण हं  | समय-समय पर स्तनों की खुद से जांच कर स्तन कैंसर से बच सकते हैं | अल्ट्रासाउंड या मैमोग्राम के द्वारा इस बीमारी का पता लगाया जाता है |

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद होने वाला दूसरा मुख्य कैंसर है | सर्वाइकल  कैंसर होने का मुख्य कारण  ह्यूमन पैपोनिमा वायरस है | इसके अलावा  कई बार गर्भधारण या एक से ज्यादा लोगों के साथ शारीरिक  संबंध  बनाना भी इसके कारण हैं | समय से पता चल जाने पर इसका इलाज संभव है | इससे बचने के लिए टीके लगवाएं, साथ ही हर तीन साल में पैप स्मियर  टेस्ट कराएं |

ओवरी का कैंसर किसी भी आयु में हो सकता है लेकिन इसका खतरा 50 वर्ष से अधिक आयु  की उम्र की महिलाओं में अधिक होता है | गर्भाशय का कैंसर, गर्भाशय की कोशिकाओं के तेजी से बढ़ने के कारण होता है | इस बीमारी का पता लगाना मुश्किल है क्योंकि  इस बीमारी का पता लगाने के लिए कोई जांच उपलब्ध नहीं है | थायरॉइड  कैंसर होने की संभावना तब अधिक होती है जब थायरॉइड कोशिकाओं में आनुवंशिक परिवर्तन होने लगते हैं |

डा. सचान बताती हैं - कैंसर के प्रमुख लक्षण  हैं- शरीर के किसी भाग में असामान्य गांठ होना, वजन का गिरना,  रक्तस्राव होना, शरीर के किसी भी भाग में लगातार दर्द रहना, भूख कम लगना और थकान रहना आदि | हम स्वस्थ जीवन शैली अपनाकर जैसे- नियमित रूप से व्यायाम कर, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन कर इस बीमारी से बच सकते हैं | साथ ही हमें जंक एवं पैकेज़्ड फूड का सेवन कम करना चाहिए | नेशनल  प्रोग्राम फॉर प्रीवेन्शन ऑफ कैंसर, डायबिटीज कार्डियो वस्कुलर एंड स्ट्रोक चलाया जा रहा है |  इसके तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में गैर संचारी रोगों सहित कई स्क्रीनिंग करती हैं |