एनीमिया से बचाव के लिए सही समय पर जांच जरूरी: डा संगीता



  • डॉक्टर से परामर्श लें, आयरन की दवाईयां समय से खाएं
  • गर्भवस्था में समय से अपनी जांच करवाएं

बाराबंकी - एनीमिया यानि खून की कमी, इसे सही समय पर नहीं पहचाना जाए तो इसके कई गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ये शारीरिक विकास में तो बाधा बनता ही है, इससे कई गंभीर रोग भी हो सकते हैं। गर्भावस्था में तो एनीमिया के कारण गर्भवती की जान का जोखिम भी बना रहता है। इसलिए सही समय पर अपने खून की जांच कराए और इसका उपचार कराकर इसे दूर करें।

जिला महिला अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षका डॉ संगीता श्रीवास्तव ने बताया महिलाओं और किशोरिया को हमेशा अपने खानपान का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें समय-समय पर अपना हीमोग्लोबिन भी जांच कराना चाहिए। गर्भवती को तो अवश्य ही अपने हीमोग्लोबिन की जांच करानी चाहिए। गर्भवस्था के दौरान एनीमिया होने पर महिलाओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यदि किसी महिला में खून की कमी है तो उसे आयरन की गोलियां दी जाती हैं। गर्भवती महिलाओ को इसे समय से खाना चाहिए। इसके साथ ही अपने खाने में आयरन युक्त खाद्य पदार्थो को शामिल करना चाहिए। समय-समय पर प्रसव पूर्व अपनी जांच करानी चाहिए, जिससे कि स्वास्थ्य की सही स्थिति का आंकलन हो सके और उपचार किया जा सके।

12 से ज्यादा हेमोग्लोबीन होने पर एनीमिया नहीं : सीएमएस ने बताया कि एनीमिया की पहचान हीमोग्लोबिन लेवल जांच करने के बाद की जाती है। इसे तीन भागों में बांटा गया है। पहला हीमोग्लोबिन लेवल 12 ग्राम से ज्यादा है तो एनिमिया नहीं माना जाता है। हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से 10 ग्राम होता है उसे मॉडरेट एनीमिया कहते हैं। यदि हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से नीचे है तो उसे सीवियर एनीमिया माना जाता है।

गर्भावस्था में एनीमिया के लक्षण इस प्रकार हैं :

  • त्वचा, होंठों और नाखूनों का पीला पड़ना
  • थकान और कमजोरी महसूस होना
  • सांस लेने में दिक्कत
  • दिल की धड़कन तेज होना
  • ध्यान लगाने में दिक्कत होना

खून बढ़ाने वाले आहार :

  • चुकंदर- यह आयरन का अच्छा स्त्रोत है। इसको रोज खाने में सलाद या सब्जी के तौर पर शामिल करने से शरीर में खून की कमी नहीं होती।
  • हरी पत्तेदार सब्जी- पालक, ब्रोकोली, पत्तागोभी, गोभी, शलजम और शकरकंद जैसी सब्जियां सेहत के लिए बहुत अच्छी होती हैं। वजन कम होने के साथ खून भी बढ़ता है। पेट भी ठीक रहता है।
  • सूखे मेवे- खजूर, बादाम और किशमिश का प्रयोग करना चाहिए। इसमें आयरन की पर्याप्त मात्रा होती है।
  • फल- खजूर, तरबूज, सेब, अंगूर, किशमिश और अनार खाने से खून बढ़ता है। अनार खाना एनीमिया में काफी फायदा करता है। प्रतिदिन अनार का सेवन करें।