स्वास्थ्य केंद्रों पर मनाया गया अंतराल दिवस



लखनऊ - जनपद के  सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थायी साधनों जैसे त्रैमासिक गर्भनिरोधक  इंजेक्शन अंतरा, ओरल पिल्स माला-एन एवं साप्ताहिक मौखिक गर्भ निरोधक गोली छाया, कोंडोम, आईयूसीडी को जनसमुदाय तक पहुंचाने एवं साधन के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को अंतराल दिवस मनाया गया |

परिवार कल्याण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.अभिलाषा मिश्रा ने बताया – जनपद में हर शुक्रवार को “अंतराल दिवस” के  माध्यम से लोगों को अस्थायी साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है साथ ही साधन निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं | इसका मतलब यह नहीं कि सप्ताह के अन्य दिन स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध नहीं होते हैं  | जो भी दंपति अस्थायी साधन अपनाना चाहते हैं उन्हें गर्भनिरोधक सामग्री व सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करायी जाती हैं |

नोडल अधिकारी ने बताया- परिवार को नियोजित करने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं | इसी क्रम में परिवार नियोजन की अस्थायी विधियों के प्रोत्साहन के लिए जिला, सामुदायिक, प्राथमिक  एवं  उप स्वास्थ्य केंद्रों पर सप्ताह में हर शुक्रवार को अंतराल दिवस मनाया जाता है | कार्यक्रम के दौरान लोगों को सभी अस्थायी साधनों के बारे में विस्तार से बताया जाता है |
डा. अभिलाषा ने बताया कि – अंतराल दिवस पर 19 महिलाओं ने नसबंदी अपनाई | इस मौके पर 89 महिलाओं ने आईयूसीडी, 37 ने प्रसव पश्चात आईयूसीडी लगवाई | त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा 111 महिलाओं ने लगवाया | इसके साथ ही साप्ताहिक मौखिक गर्भनिरोधक गोली के 432 पैकेट्स, मौखिक गर्भनिरोधक गोली माला-एन के  630 पैकेट्स, आकस्मिक गभनिरोधक गोली के 40 पैकेट्स और 6538 कोंडोम का वितरण किया गया |