आपके द्वार आयुष्मान पखवाड़ा आज से



•    30 सितंबर तक चलेगा ये पखवाड़ा
•    रोजाना 64 जगहों पर लगाए जाएंगे कैंप
•    जन सुविधा केन्द्र और आरोग्य मित्रों को लगाया जाएगा अभियान में

लखनऊ - आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत ज्यादा से  ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए गुरुवार से आपके द्वार आयुष्मान-2 नाम से विशेष पखवाड़ा शुरू होने जा रहा है। 30 सितंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े में पात्र गोल्डन कार्ड विहीन लोगों के कार्ड बनाए जाएंगे। यह जानकारी बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार  पाण्डेय ने पत्रकारों को दी।

कलेक्ट्रेट में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि इस अभियान में जन सुविधा केन्द्रों और आरोग्य मित्रों को लगाया जाएगा। रोजाना 47 जन सुविधा केन्द्र वाले वीएलई और 17 आरोग्य मित्र शहरी और ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाएंगे और पात्र लोगों का निःशुल्क गोल्डन कार्ड बनाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद के 239 गांवों और शहरी क्षेत्र के 107 वार्डों को चिह्नित किया गया है जहां अभी भी बड़ी संख्या में लाभार्थी परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं। इन्हीं लोगों को ध्यान में रखकर रोजाना 64 कैंप लगवाए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और आयुष्मान के नोडल अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव भी मौजूद थे।