BJP ने 5 राज्यों में चुनाव प्रभारियों का किया ऐलान, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बनाये गए UP के प्रभारी



नई दिल्ली(डेस्क) - उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब समेत पांच राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर BJP ने पांच राज्यों के प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया है।

सबसे अहम कहे जा रहे उत्तर प्रदेश का प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) को बनाया गया है।  बीजेपी ने यूपी में प्रधान समेत 8 केंद्रीय मंत्रियों की तैनाती की है।  इसके अलावा पंजाब की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को मिली है।

यूपी में धर्मेंद्र प्रधान के अलावा अनुराग ठाकुर, अर्जुन मेघवाल, शोभा करंदलाजे, विवेक ठाकुर, सरोज पांडेय, कैप्टन अभिमन्यु और अनुपूर्ण देवी चुनावी जिम्मेदारियों को संभालेंगे । इसके अलावा यूपी में छह संगठन प्रभारी बनाए गए हैं, जिसमें बृज से संजीव चौरसिय, पश्चिम यूपी से संजय भाटिया, अवध से सत्या कुमार, कानपुर से सुधीर गुप्ता, गोरखपुर से अरविंद मेनन और काशी से सुनील ओझा का नाम शामिल है।

वहीं उत्तराखंड के लिए पार्टी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को जिम्मेदारी दी है, उनके साथ लॉकेट चटर्जी और सरदार आरपी सिंह चुनावी जिम्मेदारियों को संभालेंगे। पंजाब चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ-साथ हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी, विनोद चावड़ा को प्रभारी नियुक्त किया गया है।  गोवा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जिम्मेदारी दी गई है तो वहीं, मणिपुर के विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है।