मौसमी बीमारियों से बचने को बरतें खास सतर्कता, घर व आस-पास मच्छरों को पनपने से रोकें, साफ़-सफाई का रखें खास ख्याल



  • खानपान से मजबूत बनाएं रोग प्रतिरोधक क्षमता

लखनऊ - बारिश में  मौसमी बीमारियाँ पाँव पसारने लगती हैं |  खांसी,जुकाम बुखार और सर्दी का भी प्रकोप बढ़ जाता है | ऐसे में  इन बीमारियों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है |
बलरामपुर  जिला अस्पताल  के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. देवेन्द्र सिंह बताते हैं - अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन  बुखार के 50 से 60 मरीज आ रहे हैं | सामान्य दिनों की अपेक्षा आज कल खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ है |

डा. देवेन्द्र सिंह बताते हैं - डेंगू एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलता है जो दिन के समय सक्रिय रहता है और  घर के भीतर साफ़ पानी में पनपता है | डेंगू में तेज बुखार के साथ सिर , पीठ और जोड़ों में दर्द होता है | आँखें लाल हो जाती हैं | हथेली और पैर लाल होने लगते हैं | गंभीर स्थिति  में नाक  और मसूड़ों से खून भी आने लगता है |

डेंगू से बचने के लिए घर व आस-पास पानी न इकठ्ठा होने दें | पूरी बांह के कपड़े पहनें  | मच्छररोधी क्रीम लगायें | फ्रिज और ग़मलों की ट्रे,  पुराने टायर,  बर्तन और कूलर की नियमित रूप से सफाई करें | कूलर सप्ताह में एक बार साफ़ कर  सुखाएं और उसके बाद ही प्रयोग करें |  खिड़की - दरवाजों में जाली का प्रयोग करें |

वायरल बुखार मुख्यतः बदलते मौसम के कारण होता है |  शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत कर हम इससे बच सकते हैं | वायरल बुखार के मुख्य लक्षण हैं-  खांसी, जुकाम, गले में दर्द, बुखार, जोड़ों में दर्द, उल्टी  तथा दस्त,  जबकि मलेरिया में सर्दी और कंपकपी के साथ में  बुखार आता है | तेज बुखार और सिर दर्द होता है | बुखार उतरने पर पसीना आता है | कमजोरी महसूस होने के साथ उल्टी  आ सकती है |

बुखार होने पर सिर्फ और सिर्फ पैरासिटामोल का प्रयोग कर सकते हैं, लेकिन कोशिश यही रहे कि चिकित्सक की सलाह पर ही किसी दवा का सेवन करें  | स्वयं कोई इलाज न करें, किसी प्रशिक्षित चिकित्सक से ही इलाज कराएं | मरीज को पास के स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर जाएँ |

डा. देवेन्द्र सिंह बताते  हैं – बच्चों को बारिश में न भीगने दें और यह सुनिश्चित करें कि वह गीले कपड़े न पहने | ठंडा पानी, आइसक्रीम या अन्य ठन्डे खाद्य पदार्थ बच्चे को न खाने दें |  घर का ताजा व अच्छे से पका हुआ खाना खिलाएं |  रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले फल व सब्जियों का सेवन करें | बाहर के खाने से परहेज करें | इन सबके साथ इस बात का अवश्य ध्यान रखें कि बेवजह घर से बाहर न  निकलें | अगर घर से निकलते हैं तो मास्क अवश्य लगायें | सार्वजनिक स्थानों पर दो गज की दूरी बनाकर रखें | बार-बार चेहरे को न छुएं |  हाथों को साबुन और पानी से धोते रहें , बच्चे को फुल आस्तीन के कपड़े पहनाएं | बच्चे में कोरोना से बचाव के प्रोटोकॉल  का पालन करना सुनिश्चित कराएं |