टोक्यो ओलंपिक: ज्यादा से ज्यादा 10 हजार फैंस को स्टेडियम में आने की अनुमति



नई दिल्ली(स्पोर्ट्स डेस्क) - जापान के आयोजकों ने आगामी टोक्यो ओलंपिक खेलों के दौरान सभी स्थलों पर दर्शकों की सीमा तय करते हुए स्टेडियम की क्षमता के 50 प्रतिशत लोगों को स्थल पर पहुंचे की स्वीकृति दी। किसी भी स्थल पर हालांकि 10 हजार से अधिक दर्शकों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई से किया जाएगा। कोरोना महामारी के कारण पिछले साल इन खेलों को स्थगित किया गया था।

ये छूट सिर्फ जापान में मौजूद फैंस को मिलेगी। विदेश से आने वाले लोगों पर रोक जारी रहेगी। स्टेडियम में जाने वाले दर्शकों को चियर करने की इजाजत नहीं होगी। वे जितनी देर स्टेडियम में रहेंगे, मास्क पहनना होगा। साथ ही मुकाबले के बाद सीधा घर जाना होगा।

बताया जा रहा है कि जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ओलिंपिक गेम्स के दौरान फैंस की एंट्री के पक्ष में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि अगर हालात बदलते हैं तो फैंस पर रोक भी लगाई जा सकती है।