एक्टर समीर खाखर का 71 साल की उम्र में निधन



नई दिल्ली/मुंबई(डेस्क) - दूरदर्शन पर आनेवाले फेमस शो ‘नुक्कड़’ में खोपड़ी का किरदार निभाकर मशहूर हुए एक्टर समीर खाखर का निधन हो गया है। समीर खाखर सांस की तकलीफ व अन्य मेडिकल समस्याओं से पीड़ित थे। बीते रोज़ उन्हें मुंबई में बोरिवली के एमएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

हाल ही में सतीश कौशिक के निधन से फिल्म इंडस्ट्री को एक बड़ा धक्का लगा है। ऐसे में समीर खाखर के निधन की खबर से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। आपको बता दें कि समीर खाखर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 80 के दशक में की थी। डेब्यू से पहले वो थिएटर भी किया करते थे। उन्होंने साल 1986 टीवी की दुनिया में सीरियल नुक्कड़ से कदम रखा था। दूरदर्शन पर आने वाले इस कार्यक्रम में उनके किरदार का नाम ‘खोपड़ी’ था।

समीर खाखर ने साल 2014 में आई सलमान खान की फिल्म जय हो में भी काम किया था। उन्होंने अपने करियर में मनोरंजन, सर्कस, श्रीमान श्रीमति और अदालत जैसे धारावाहिकों में काम किया। इसके अलावा वो सुधीर मिश्रा की नेटफ्लिक्स फिल्म सीरीयस मेन में भी नज़र आए थे। यही नहीं वो शाहिद कपूर की वेब सीरीज़ फर्जी का भी हिस्सा थे।

सोशल मीडिया पर समीर खाखर के निधन की खबर सुनकर फैंस दुखी हो गए हैं। फैंस और सेलेब्स ने समीर खाखर की मौत पर शोक जताया है।