लखनऊ - उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती-2025 की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा आज से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,679 पदों के लिए 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा हर दिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन की पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुकी है। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। हर पाली में लगभग 4.81 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए पुलिस विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।
इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की निगरानी उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही है। सरकार की ओर से परीक्षा के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्था की गई है, जिसमें अतिरिक्त बसों का संचालन भी शामिल है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए एडमिट कार्ड दिखाने पर बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है।