नई दिल्ली(स्पोर्ट्स डेस्क) - महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन यूएई में होना है और अब इसके लिए भारतीय महिला टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है। टीम का कप्तान हरमनप्रीत कौर को बनाया गया है। उपकप्तानी की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना को मिली है।
बता दें कि महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन पहले बांग्लादेश में होना था। लेकिन राजनीतिक तनाव को देखते हुए ही आईसीसी ने इसे बांग्लादेश की जगह यूएई में करवाने का फैसला किया है। भारत को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत चार अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला छह अक्तूबर को खेला जाएगा। यह दोनों मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे।