बाराबंकी - जनपद में पहली बार गर्भधारण करने वाली महिलाओं को उचित खानपान व पोषण के लिए तीन किश्तों में 5000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यह सहायता प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत दी जाती है। जिले में योजना के तहत करीब 70 हजार गर्भवती महिलाओं को लाभ मिल चुका है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ केएनएम त्रिपाठी का कहना है कि जनपद में करीब 70 हजार गर्भवती महिलाओं को फायदा दिया गया। वहीं चल रहे दिसम्बर माह में अभी 835 महिलाएं लाभान्वित हुई है। अब तक पहली बार गर्भवती हुई महिलाओं के खाते में 25 करोड़ रुपए से ज्यादा की धनराशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि गर्भवती के बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के लिए केंद्र सरकार की अति महत्वकांक्षी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ जनपद की महिलाएं उठा रही हैं जनपद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ अधिकाधिक गर्भवती को दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग हर स्तर से प्रयास कर रहा है। यह योजना जिले में 1 जनवरी 2017 से संचालित की जा रही है।
डीसीपीएम सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि हेल्पलाइन पर संपर्क कर योजना का लाभ पाएं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लेने के लिए प्रथम बार गर्भधारण करने वाली पात्र महिला लाभार्थी क्षेत्रीय आशा से संपर्क करे और योजना का लाभ उठाएं । उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य गर्भावस्था प्रसव और स्तनपान के दौरान महिलाओं को जागरूक करना और जच्चा-बच्चा देखभाल व संस्थागत सेवा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को पहले छह महीनों के लिए प्रारंभिक और विशेष स्तनपान तथा पोषण प्रथाओं का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना है ।