फर्रुखाबाद l बदलते मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना जरूरी होता है l तेज धूप-गर्मी के बीच आंधी और बूंदाबांदी से वह डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं l नगरीय स्वास्थ्य केंद्र रकाबगंज की चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना ने शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम की बैठक के दौरान कहा कि बच्चे को दिन में दो या तीन पानी जैसे पतले दस्त आएं तो तुरंत नजदीकी आशा कार्यकर्ता या स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए l डायरिया नियन्त्रण और रोकथाम के लिए यह बहुत जरूरी है l
उधर टीलिया, अहमदगंज में डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के तहत पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया और केनव्यू के सहयोग से महिला आरोग्य समिति की बैठक हुई l बैठक में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र नौलखा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिदमन सिंह ने कहा कि डायरिया की स्थिति में आशा कार्यकर्ता द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस का सेवन बच्चे को बताई गयी मात्रा के अनुसार ही कराएं ताकि बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने पाए l इस मौके पर महिला आरोग्य समिति की सदस्यों ने डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम में पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया l
बैठक में पीएसआई इंडिया के सीनियर मैनेजर प्रोग्राम अनिल द्विवेदी, अमरीष पांडे, अनुपम मिश्र आदि मौजूद रहे l दूसरी ओर आशा-एएनएम बैठक में एएनएम योगेंद्रवती, सुषमा, अंजना, फरहा, लैब टैक्नीशियन विकल्प, आशा मनोरमा, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष सुलेखा, सहित अन्य लोग मौजूद रहे l