बाराबंकी(एजेंसी) - बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित पौराणिक औसानेश्वर महादेव मंदिर में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। रात करीब 2 बजे मंदिर परिसर में अचानक करंट फैलने से भगदड़ मच गई। इस दौरान अफरा-तफरी में दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई। जबकि 29 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीम पहले से मौजूद थी, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से हैदरगढ़ व त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जबकि गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंच गए हैं। डीएम ने बताया कि बंदरों के बिजली तार पर कूदने से तार टूटकर मंदिर परिसर के टीन शेड पर गिर गया, जिससे करंट फैल गया। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और घायलों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है।