लॉन्च हुआ आरोग्य सेतु 2.0, ऐप में मिलेंगे सभी डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड



नई दिल्ली : डिजिटल इंडिया मिशन के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल बदलाव को नई गति देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में कई महत्वपूर्ण डिजिटल हेल्थ पहलों का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और राष्ट्रीय ईएचआर मानक संसाधन केंद्र की ओर से विकसित इन पहलों का उद्देश्य देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना, स्वास्थ्य डेटा के सुरक्षित आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाना है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने छोटे क्लीनिकों के लिए सी-डैक द्वारा विकसित  'eSushrut@Clinic' ( ई-सुश्रुत क्लिनिक)  का शुभारंभ किया। यह छोटे क्लीनिकों में स्वास्थ्य प्रणाली के डिजिटलीकरण की कमियों को दूर करेगा। इसके अलावा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 'यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (UHI)' का शुभारंभ किया। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 'यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस' (UHI) और 'आयुष्मान सारथी'  को लांच किया। आयुष्मान सारथी, आयुष्मान भारत PM-JAY योजना के लाभार्थियों के लिए एक व्हाट्सएप चैटबॉट है।

इसके आलावा स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र में दवाओं से संबंधित जानकारी के मानकीकरण के लिए 'ड्रग रजिस्ट्री' का शुभारंभ किया। और इन सब योजनाओं के साथ ही आरोग्य सेतु 2.0 लॉन्च किया। उन्होंने इसे भारत का समग्र डिजिटल हेल्थ ऐप बताते हुए कहा कि अब नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और AI आधारित हेल्थ इनसाइट्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे डिजिटल हेल्थकेयर का अनुभव और अधिक सहज होगा।