अयोध्या - केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मखाना की खेती का निरीक्षण किया, किसानों से संवाद किया तथा कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को कृषि आधारित विकास के माध्यम से राम राज्य की अवधारणा की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेती और किसान देश की सबसे बड़ी ताकत हैं, क्योंकि अन्न, फल और सब्जियां खेतों में पैदा होती हैं, फैक्ट्रियों में नहीं।शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा तैयार उत्तर प्रदेश का वैज्ञानिक कृषि रोडमैप मुख्यमंत्री और प्रदेश के कृषि मंत्री को सौंप दिया गया है।
इस रोडमैप में जलवायु परिवर्तन, घटते जलस्तर और बदलती कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2047 तक किसानों के लिए उपयुक्त फसल चयन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग का विस्तृत खाका तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि खेत बचाओ अभियान के तहत मिट्टी की सेहत सुधारने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा एकीकृत खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय में किए जा रहे कृषि अनुसंधानों और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के किसानों के हित में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले उन्होंने चारपाई पर बैठकर किसानों से आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, कृषि वैज्ञानिक, बड़ी संख्या में किसान, छात्र तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।