CM योगी का बड़ा ऐलान: NEET अभ्यर्थियों को बस किराये में 50% छूट



लखनऊ - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने निर्देश दिया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50 फीसदी की छूट प्रदान की जाए। साथ ही, अन्य जिलों में परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों के वहां रुकने की व्यवस्था न होने पर सीएम योगी ने उनके लिए आवश्यक अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पहले से संवाद स्थापित करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की घटना न होने पाए।