स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देता है योग: आयुष मंत्रालय



नई दिल्ली : योग, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का संदेश देता है, आज भारत की सांस्कृतिक विरासत से आगे बढ़कर एक वैश्विक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस दुनियाभर में स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का माध्यम बन रहा है।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। "सिटी ऑफ जॉय" के नाम से प्रसिद्ध कोलकाता इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करेगा। 

योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयुष मंत्रालय ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग आज केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि तनावमुक्त, सकारात्मक और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक वैश्विक अभियान बन चुका है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर साल की तरह दुनिया भर में बहुत उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष का मुख्य कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित किया जाएगा, जहाँ हजारों लोग एक साथ योग करेंगे। इस वर्ष अन्तरराष्ट्रीय योग  दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग " रखी गई है। आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि इस साल पूर्वी भारत में योग दिवस प्रस्तावित था, इसलिए कोलकाता को चुना गया। इस थीम का मुख्य उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय, स्वस्थ और स्वतंत्र रहना है। 

योग 365 : आयुष मंत्रालय द्वारा "योग 365" अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग इसे केवल एक दिन नहीं बल्कि पूरे साल अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।