जेठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर प्रदेश भर के हनुमान मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु



लखनऊ - जेठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ समेत आसपास के विभिन्न जनपदों में हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया जा रहा है। लखनऊ में भंडारों के साथ ही भक्तों की ओर से पूरे शहर में भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। जेठ मास के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ पूरी तरह हनुमान भक्ति में रंगी नजर आ रही है। सुबह होते ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अलीगंज स्थित नए और पुराने हनुमान मंदिर में तड़के चार बजे ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए, जिसके बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। हनुमान सेतु मंदिर, हनुमत धाम, मौनी बाबा मंदिर, त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर, बालाजी मंदिर समेत शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। 

प्रचंड गर्मी के बावजूद लोगों की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं ने शरबत, पानी, पूड़ी-सब्जी, हलवा और प्रसाद वितरण के भंडारे लगाए।