उत्तराखंड: 23 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, अंतिम चरण में यात्रा तैयारियां



देहरादून - चारधाम यात्रा के बाद उत्तराखंड में आस्था के एक और सफर का आगाज होने जा रहा है। चमोली जिले में साढ़े 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। 

इसके लिए जिला प्रशासन, सेना और हेमकुंड साहिब ट्रस्ट ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सेना के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में पैदल मार्ग से बर्फ हटाकर रास्ता साफ कर दिया है। वहीं गुरुद्वारा ट्रस्ट द्वारा गोविंदघाट, घांघरिया और हेमकुंड साहिब में गुरुद्वारों को सजाने-संवारने का कार्य भी तेज कर दिया गया है। सेवादार यात्रियों की सुविधा के लिए दिन-रात जुटे हैं। 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि 23 मई को कपाट खुलने को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घांघरिया और ब्यूडार में अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब-गोविंदघाट गुरुद्वारा कमेटी के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ ऋषिकेश से होगा। 21 मई को जत्था गोविंदघाट पहुंचेगा, 22 मई को हेमकुंड के लिए प्रस्थान करेगा और 23 मई को कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सभी गुरुद्वारों में भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।