यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, 31 लोगों के करीब घायल



जयपुर। अजमेर में यात्रियों से भरी एक बस के करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 31 लोगों के करीब घायल हो गए। यह सभी यात्री पुष्कर जा रहे थे। हादसा पुष्कर से लगभग तीन किलोमीटर पहले सांझीसर के पास रविवार रात को हुआ। 

सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सभी घायलों को पहले पुष्कर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया।  वहीं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बस हादसे को लेकर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल से दूरभाष पर चर्चा कर हादसे की स्थिति, घायलों की संख्या, उपचार व्यवस्थाओं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। 

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को तत्काल एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहें। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक घायल को बेहतर उपचार मिल सके। साथ ही, भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुष्कर घाटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, ट्रैफिक नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।