सुल्तानपुर(डेस्क) - सुल्तानपुर में पुलिस विभाग ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। मार्च 2026 की इस रैंकिंग में सुल्तानपुर पुलिस लगातार पांचवीं बार नंबर-1 बनी है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
यह सफलता पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और आईजीआरएस प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में संभव हो सकी है। जिले के सभी थानों पर शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिससे आम जनता का भरोसा भी मजबूत हुआ है। आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के तहत शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता, समय पर कार्रवाई और शिकायतकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर रैंकिंग तय की जाती है।
इस बार सुलतानपुर को 100 प्रतिशत अंक मिले हैं, जो उत्कृष्ट कार्यशैली को दर्शाता है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हर सप्ताह थानों के आईजीआरएस कर्मचारियों की बैठक कर शिकायतों की समीक्षा की जाती है और उन्हें बेहतर तरीके से निपटाने के निर्देश दिए जाते हैं। लगातार पांचवीं बार शीर्ष स्थान मिलने से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है और आगे भी पारदर्शी व प्रभावी जनसुनवाई को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।