योगी सरकार का बड़ा कदम, QR कोड से स्कूल वाहनों की हर लापरवाही बेनकाब, बच्चों की सुरक्षा अब पूरी निगरानी में



लखनऊ - उत्तर प्रदेश में बच्चों की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। अब स्कूल वाहनों की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए “UP Integrated School Vehicle Management Portal” नाम का नया डिजिटल सिस्टम लागू किया गया है। 

इस पोर्टल के जरिए प्रदेश के सभी स्कूलों को जोड़ा जा रहा है। हर स्कूल को अपनी बसों और वैन की पूरी जानकारी इस पोर्टल पर दर्ज करनी होगी, चाहे वाहन स्कूल के अपने हों या किराए पर लिए गए हों। इसके बाद परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर वाहनों की जांच करेंगे और उनकी रिपोर्ट व फोटो पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इस नई व्यवस्था की खास बात यह है कि अब केवल परिवहन विभाग ही नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन भी मिलकर निगरानी करेंगे। इससे किसी भी गाड़ी की खामी छिपाना मुश्किल हो जाएगा। हर स्कूल वाहन पर एक QR कोड भी लगाया जाएगा। कोई भी व्यक्ति इसे स्कैन करके वाहन के कागजात, फिटनेस और कमियों की जानकारी तुरंत देख सकेगा। 

इससे व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनेगी और अभिभावकों को भी सच्चाई पता चल सकेगी। अब स्कूलों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। नियम तोड़ने या जानकारी छिपाने पर सीधे स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होगी। इस कदम से बच्चों की सुरक्षा और मजबूत होने की उम्मीद है।