नई दिल्ली(डेस्क) - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस रविवार (10 अगस्त) को अपने कर्नाटक दौरे के दौरान तीन वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। ये नई वंदे भारत ट्रेनें बेंगलुरु-बेलगावी, नागपुर के अजनी-पुणे और अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलेंगी। इस बात की जानकारी केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने दी है।
बता दें कि वंदे भारत यात्रियों को तेज, सुरक्षित और तकनीकयुक्त रेल यात्रा का अनुभव देने के साथ देश की कनेक्टिविटी को भी नई रफ्तार दे रही है।
देश में कुल 144 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रहीं : भारतीय रेल ने यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की हैं। चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में बनी ये सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनें आधुनिक कोच, एडवांस सेफ्टी फीचर्स और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित हैं। मौजूदा समय में, देश के अलग-अलग मार्गों पर कुल 144 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। इनमें से 22 वंदे भारत ट्रेनें महाराष्ट्र के विभिन्न स्टेशनों पर और 8 वंदे भारत ट्रेनें मध्य प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर चल रही हैं।