लखनऊ की डॉ. स्वधा सिन्हा को मिला “राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान – 2026”



लखनऊ। शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लखनऊ की डॉ. स्वधा सिन्हा को “राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान – 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान माँ सर्मिस्ता सेवा संस्कार फाउंडेशन, बुढ़सैनी (बागपत) एवं सर्वोदय संस्कृत आश्रम, बालेनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “राष्ट्रीय संगोष्ठी (भारतीय ज्ञान प्रणाली)” एवं “राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान – 2026” कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षाविदों, शोधार्थियों और समाजसेवियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में डॉ. स्वधा सिन्हा को शिक्षा एवं शोध क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. स्वधा सिन्हा ने इसे अपने शोध कार्य, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और शोध के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

डॉ. स्वधा सिन्हा शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। मूल रूप से लखनऊ निवासी डॉ. सिन्हा ने हाल ही में अंग्रेजी भाषा विषय में शोध कार्य पूर्ण कर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। उनके द्वारा लिखे गए शोध पत्र विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशनों एवं शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।

अपने प्रोफेशनल सफर के बारे में बताते हुए डॉ. स्वधा सिन्हा ने कहा कि अंग्रेजी भाषा की शिक्षिका से लेकर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने तक का सफर संघर्ष और समर्पण से भरा रहा। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया।

उन्होंने विशेष रूप से अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय डी.एस. सिन्हा को याद करते हुए कहा कि डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करना उनके पिता का सपना था, जिसे उन्होंने आज पूरा किया है।